
एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में उपलब्धियों का हुआ सम्मान, 2026-27 छात्रसंघ चुनाव की घोषणा से चुनावी सरगर्मी तेज
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर, अल्मोड़ा में वार्षिक दिवस समारोह सत्र 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में परिसर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ छात्रसंघ पदाधिकारियों, एनएसएस स्वयंसेवियों और एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव की घोषणा भी की गई, जिसके बाद परिसर में आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ने के संकेत मिले।
समारोह के मुख्य अतिथि परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट रहे। कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या, विशिष्ट अतिथि प्रो. सुशील कुमार जोशी (संकायाध्यक्ष, विज्ञान), प्रो. एच.आर. कौशल (संकायाध्यक्ष, वाणिज्य), प्रो. अखिलेश नवीन (संकायाध्यक्ष, विधि), प्रो. शेखर चंद्र जोशी (संकायाध्यक्ष, दृश्यकला), प्रो. हरीश चंद्र जोशी (संकायाध्यक्ष, कला) एवं प्रो. रिजवाना सिद्दीकी (संकायाध्यक्ष, शिक्षा) सहित छात्रसंघ पदाधिकारी मंचासीन रहे।
मूर्तियों पर माल्यार्पण से हुई शुरुआत
कार्यक्रम से पूर्व परिसर में स्थापित मां सरस्वती, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सोबन सिंह जीना एवं स्वामी विवेकानंद की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया गया। संगीत विभाग की छात्राओं ने स्वागत गीत, वंदना, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं कुलगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।
छात्रसंघ ने रखा वर्षभर का लेखा-जोखा
समारोह में छात्रसंघ सचिव विशाल सिंह बिष्ट ने छात्रसंघ की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण रखा। इसके बाद अध्यक्ष लोकेश सुप्याल, उपाध्यक्ष भूपेश गैड़ा, छात्रा उपाध्यक्ष निकिता रौतेला, सचिव विशाल सिंह बिष्ट, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार, कोषाध्यक्ष विनय कनवाल, सांस्कृतिक सचिव दर्शन कुमार, विश्वविद्यालय छात्र प्रतिनिधि निखिल कपकोटी सहित विभिन्न संकायों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
‘वार्षिक समारोह उपलब्धियों का पिटारा’—प्रो. बिष्ट
मुख्य अतिथि परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि छात्रसंघ 2025-26 के पदाधिकारियों ने वर्षभर की उपलब्धियों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने छात्रसंघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों द्वारा पूरे वर्ष अर्जित उपलब्धियों का पिटारा है।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक एवं बौद्धिक परंपरा के लिए जाना जाता है और यहां से अनेक वैज्ञानिक एवं विद्वान निकले हैं। विद्यार्थियों को इस परंपरा को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ छात्रसंघ चुनाव में प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से परिसर प्रशासन का सहयोग करने का भी आह्वान किया।
मेधावियों से लेकर एनएसएस-एनसीसी तक सम्मान
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या ने छात्रसंघ के सभी पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार एवं बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद अतिथियों ने छात्रसंघ पदाधिकारियों, एनएसएस शिविरार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ियों तथा विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इसी दौरान अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या ने सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव की घोषणा की। चुनाव की घोषणा के साथ ही परिसर में छात्र राजनीति की आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चाएं भी तेज होने की संभावना है।
समारोह के अंत में कुलानुशासक डॉ. धनी आर्या ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गिरीश अधिकारी एवं डॉ. कौशल ने किया। आयोजन में क्रीड़ा प्रभारी डॉ. दीपक टम्टा एवं डॉ. खगेन्द्र खोलिया ने सहयोग प्रदान किया।

