नवम्बर 3,अल्मोड़ा – अल्मोड़ा लिट फेस्ट के तीसरे दिन का शुभारंभ रवि जोशी के शास्त्रीय संगीत एवं गायन प्रस्तुति के साथ हुआ। उन्होंने राग तोड़ी के साथ-साथ तुलसीदास, कबीर आदि संतों की रचनाओं पर आधारित सगुण एवं निर्गुण भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे दिन के कार्यक्रमों के लिए एक आध्यात्मिक और चिंतनशील वातावरण निर्मित किया।
दिन के मुख्य सत्र “प्रकृति से आंतरिक जागरूकता” (Nature to Inner Awareness) का संचालन रोमोला बुटालिया द्वारा किया गया,
जिसमें प्रमुख वक्ताओं पीपल बाबा और स्वामी स्वप्रकाश ने अपने विचार साझा किए।
सत्र को संबोधित करते हुए पीपल बाबा ने सभ्यता और मानव चेतना पर बात की।
उन्होंने कहा कि मनुष्य अक्सर अपने संघर्षों और इतिहास को भूलकर प्रकृति का विनाश करने में लगा है, जिससे वह स्वयं अपने जीवन की संभावनाओं को कम कर रहा है।
‘आर्ट ऑफ लिविंग’ से जुड़े स्वामी स्वप्रकाश ने अपने व्यक्तिगत जीवन के अनुभवों और मणिपुर में आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों के पुनर्वास हेतु किए गए अपने कार्यों को साझा किया। आध्यात्मिकता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता केवल बाहरी धार्मिक प्रथाओं का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर झांकने और उच्च चेतना की स्थिति में जीने का नाम है।

