ब्रेकिंग

कैंटोनमेंट बोर्ड के दो विद्यालयों में आपदा तैयारी एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


नित्या वेलफेयर सोसाइटी द्वारा शुक्रवार को कैंटोनमेंट क्षेत्र के दो विद्यालयों में विद्यालय आपदा तैयारी एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा की स्थिति में सुरक्षित रहने, सही निर्णय लेने और आपातकालीन परिस्थितियों में उचित प्रतिक्रिया देने के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन कैंटोनमेंट बोर्ड गर्ल्स जूनियर हाई स्कूल, मीरपुर कैंट तथा कैंटोनमेंट बोर्ड जूनियर हाई स्कूल, फेथफुल गंज कैंट में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया तथा आपदा के समय आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण को विद्यार्थियों के लिए सरल एवं रुचिकर बनाने के लिए वीडियो, संवादात्मक चर्चा, प्रश्नोत्तर, खेल एवं गतिविधि आधारित अभ्यास का उपयोग किया गया। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि आपदा या आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहना, सही जानकारी प्राप्त करना और शिक्षकों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के निर्देशों का पालन करना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया और आपदा से संबंधित सवालों के जवाब दिए। वीडियो के माध्यम से भूकंप एवं अग्नि सुरक्षा को समझने का प्रयास किया गया, वहीं खेल एवं गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा तैयारी के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों से उनके अनुभव और सुझाव भी लिए गए। विद्यार्थियों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम दोबारा आयोजित किए जाने की इच्छा व्यक्त की। कुछ विद्यार्थियों ने सुझाव दिया कि भविष्य में 2–3 दिवसीय विस्तृत प्रशिक्षण आयोजित किया जाए, जिसमें फायर सेफ्टी उपकरण, प्राथमिक उपचार सामग्री, आपातकालीन उपकरणों का प्रदर्शन तथा मॉक ड्रिल जैसी व्यावहारिक गतिविधियां शामिल हों।

नित्या वेलफेयर सोसाइटी की ओर से बताया गया कि विद्यालयों में आपदा तैयारी एवं सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सहयोग रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -9649695084
error: Content is protected !!