चित्रकार प्रो. शेखर चन्द्र जोशी ने दिया कौशल उत्सव कार्यशाला में नखक्षत कला प्रशिक्षण


झुंझनु 7 फरवरी। राजस्थान के प्रसिद्ध कॉलेज बिडला एजूकेशन ट्रस्ट पिलानी राजस्थान में विगत दिनों (30 जनवरी से 06 फरवरी 2026) स्किल फेस्ट 2026 का भव्य आयोजन हुआ।
कौशल शिक्षा में विद्यार्थियों को सशक्त बनाने के लिए यह आयोजन कराया जाता है।

इस वर्ष भी इसमें कार्यशालाएँ, प्रतियोगिताएँ, प्रदर्शनियाँ, मंचन तथा पुरस्कार वितरण के साथ इसका सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इसमें मुख्य अतिथि मेजर जनरल (रिटा.) एस.एस. नायर, निदेशक बी.ई.टी. रहे। विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक व अतिथिगणों ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर कला व तकनीक विषयक जानकारियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यशालाओं के लिए यूवी रेजिन आर्ट में बिट्स की ऐश्वर्या गुप्ता, सॉफ्ट टॉयज (खिलौने) में अमृतसर के दानिश व अंजू, नखक्षत कला में अल्मोड़ा के प्रो. शेखर चन्द्र जोशी, बाटिक कला में जयपुर की छवि पारिख व मनीषा, थर्माकोल मूर्तिकला में उदयपुर के हेमंत जोशी व नीमा राम, मंचीय कला में लखनऊ के संगम बहुगुणा व विकास श्रीवास्तव ने अपनी अपनी विधा में विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया, इनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने ‘गज, फुट, इंच नाटक की मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस कार्यशाला में नखक्षत कला के विशेषज्ञ चित्रकार प्रो. शेखर चन्द्र जोशी ने प्रतिभागियों को एक अनूठी विधा (कागज पर नाखूनों से उभार देकर नखक्षत कला) सिखाते हुए यह पाया कि यहाँ के विद्यार्थियों में कला व कौशल के प्रति गहरी लगन है जो कि उनके कार्यों में निकलकर आयी।
इसके अतिरिक्त स्टिल लाईफ पेंटिंग, बेस्ट यूज ऑफ ई-वेस्ट, योद्धा ड्रोन, एआई रोबो चैलेंज आदि भी कार्यशाला व इसके प्रदर्शन के मुख्य आर्कषण रहे।

कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों जैसे बिड़ला बालिका विद्यापीठ, बालिका शिशु विहार, बालिका शिशु निकेतन, बिडला पब्लिक स्कूल आदि के 330 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।


ओवरऑल बेस्ट स्कूल ट्राफी’ का विजेता बिडला पब्लिक स्कूल तथा द्वितीय स्थान पर बिड़ला बालिका विद्यापीठ रहा।

इस आयोजन को क्यूरेटर इंचार्ज बिक्रमजीत सिंह अरोड़ा तथा आर्ट क्यूरेटर मोहित श्रीवास्तव ने बखूबी सम्पादित करवाया।

उल्लेखनीय है कि पिलानी को बड़वाली पिलाणी, सेठों वाली पिलाणी तथा कालेज वाली पिलानी के नामों से भी जाना जाता है। 1901 में बिड़ला स्कूल पिलानी की स्थापना हुई थी तथा बिड़ला एजूकेशन ट्रस्ट की स्थापना 1929 में हुई थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -9649695084
error: Content is protected !!