इगास महोत्सव में लोकगायक मंगलेश डंगवाल की प्रस्तुतियों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या, रस्साकशी और भैला खेल होंगे मुख्य आकर्षण


देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवभूमि युवा संगठन की ओर से 18 नवंबर को देहरादून में भव्य इगास महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक एवं वैदिक जागर सम्राट मंगलेश डंगवाल अपनी शानदार लोकसंगीत प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगे।

यह आयोजन 18 नवंबर 2026 (बुधवार) को दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक THDC ग्राउंड, टिहरी नगर, दून यूनिवर्सिटी रोड, देहरादून में आयोजित होगा।

महोत्सव के दौरान उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता एवं भैला खेल का आयोजन किया जाएगा।

रस्साकशी प्रतियोगिता में सीमित टीमों का पंजीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही पहाड़ की लोकसंस्कृति, लोकगीतों और संगीत परंपराओं को समर्पित विशेष पहाड़ी संगीत संध्या आयोजित होगी, जिसमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

संगठन का उद्देश्य इगास पर्व की परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, पहाड़ी संस्कृति और लोककलाओं का संरक्षण करना तथा युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

संगठन का मानना है कि पारंपरिक खेल और लोकसंगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान के महत्वपूर्ण हिस्से हैं, जिन्हें सामूहिक आयोजनों के माध्यम से जीवंत बनाए रखना जरूरी है।

देवभूमि युवा संगठन के अध्यक्ष आशीष नौटियाल ने बताया कि महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए संगठन की टीम तैयारियों में जुटी हुई है।

उन्होंने देहरादून सहित प्रदेशभर के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इगास पर्व के उत्सव में सहभागी बनने की अपील की।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -9649695084
error: Content is protected !!