मुख्य शिक्षा अधिकारी पद पर पदोन्नत, रणजीत सिंह नेगी को शिक्षकों ने दी विदाई


कोटद्वार : जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) पौड़ी रणजीत सिंह नेगी के मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल पद पर पदोन्नत होने का शिक्षकों ने स्वागत किया है। शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी।
वक्ताओं ने कहा कि पौड़ी जिले में अपने दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान रणजीत सिंह नेगी ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और विभागीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।

उन्होंने अपनी ईमानदार, निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली से न केवल प्रशासनिक स्तर पर बल्कि शिक्षकों के बीच भी विशेष पहचान बनाई। वक्ताओं का कहना था कि श्री नेगी ने विभाग और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कई सकारात्मक पहल कीं, जिनका सीधा लाभ विद्यार्थियों और विद्यालयों को मिला। उनके सरल स्वभाव, स्पष्ट कार्यशैली और समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रयासों को भी सभी ने सराहा।

इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री महावीर सिंह बिष्ट, राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री मनमोहन सिंह चौहान, पूर्व प्रधानाचार्य मनवरलाल भारती, प्रधानाचार्य मुकेश रावत, पुष्कर सिंह नेगी सहित कई शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त किए और उनके सफल कार्यकाल को याद किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पदमेश बुड़ाकोटी ने किया। अंत में शिक्षकों ने रणजीत सिंह नेगी को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -9649695084
error: Content is protected !!