पौड़ी गढ़वाल: जनपद पौड़ी गढ़वाल के राठ क्षेत्र के अन्तर्गत एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली है। विकास खण्ड थलीसैंण की पट्टी कण्डारस्यू॑ के ग्राम पैलार में पर्यावरण संरक्षण और लोक परंपराओं को जोड़ते हुए विवाह उत्सव को यादगार बनाया गया।

ग्राम पैलार निवासी मनजीत सिंह गुसाईं एवं सतेश्वरी देवी गुसाईं जी की पुत्री के विवाह के पावन अवसर पर, मंगल स्नान के दौरान एक अनूठी रस्म निभाई गई। इस मौके पर ‘समळौण’ संस्था के संरक्षक आशाराम पंत जी द्वारा दुल्हन के माता-पिता को अमरूद का एक ‘समळौण पौधा’ भेंट किया गया।
इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य शादी के मांगलिक अवसर पर वर-वधू (अरविंद एवं रचना) के हाथों घर के आंगन में पौधारोपण करवाना है।
इस भावनात्मक पहल के जरिए नवदम्पति न सिर्फ अपनी शादी की यादों को हमेशा के लिए जीवंत रखेंगे, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का एक मजबूत संदेश भी देंगे।
संस्था का मानना है कि इस तरह के प्रयासों से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोग अपने हर छोटे-बड़े संस्कारों व पारिवारिक उत्सवों पर भावनात्मक रूप से प्रेरित होकर प्रकृति को बचाने का संकल्प ले सकेंगे।
इस गरिमामयी कार्यक्रम का कुशल संचालन समलौण आन्दोलन के राज्य संयोजक मातबर सिंह बर्त्वाल जी ने किया।
इस दौरान समळौण संस्था के अध्यक्ष मनोज रौथाण, संस्थापक बीरेंद्र दत्त गोदियाल और जुपला सिंह कण्डारी सहित भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना की और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया।

