
बेतालघाट (नैनीताल)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बेतालघाट परिसर में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड, हरिद्वार के सौजन्य से अप्रेंटिस एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में अल्मोड़ा, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर सहित अन्य जनपदों के प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 16 प्रशिक्षार्थियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान की प्रधानाचार्य सीमा कुमार ने आगंतुकों एवं अभ्यर्थियों का स्वागत किया। उन्होंने चयनित प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि आईटीआई में प्रवेश की तिथि बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी नेत्रपाल सिंह ने अभ्यर्थियों को कंपनी की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी में चयनित होने के बाद प्रशिक्षार्थी किस प्रकार अपनी कार्यक्षमता, कौशल एवं अनुभव को विकसित कर सकते हैं। इस दौरान कई अभ्यर्थियों ने रोजगार से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी राजेंद्र पांडे ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में लगन, मेहनत एवं ईमानदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्थान में प्रतिवर्ष समय-समय पर इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्थान के अनुदेशक रमेश चंद्र छातीवाल, दीपक चंद्र, कमल पाठक, रमेश तिवारी, हरीश मिश्रा, राजेंद्र जोशी एवं हरि प्रकाश सहित प्रथम और द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में 16 प्रशिक्षार्थियों का चयन क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।

