9 अगस्त,जयपुर। गढ़वाल सभा जयपुर द्वारा उत्तराखंड प्रवासी संवाद कार्यक्रम का आयोजन गढ़वाल सभा भवन में किया गया।

उत्तराखंड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त माननीय ओमप्रकाश भट्ट जी के जयपुर प्रवास के दौरान गढ़वाल सभा भवन में प्रवासियों से संबंधित विषयों, समस्याओं व उनके निराकरण, सामाजिक,आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण हेतु यह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संवाद कार्यक्रम में जयपुर की सभी सामाजिक संस्थाओं के साथ साथ कोटा एवं श्रीगंगानगर से उत्तराखंड की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा सार्थक चर्चा की गई।
सभा अध्यक्ष जी.पी. कुकरेती जी ने भट्ट का स्वागत करते हुए प्रवासियों के सशक्तिकरण एवं आर्थिक विकास के संबंध में बात कही।
संवाद के दौरान विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधिगण से ओमप्रकाश भट्ट जी ने प्रवासियों से अपने गांव लौटने और उत्तराखंड के विकास में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से सभी प्रवासियों से परिवार रजिस्टर एवं खाता-खतौनी में अपना नाम दर्ज करवाने का आग्रह किया, ताकि उनकी पैतृक संपत्ति सुरक्षित रहे।
साथ ही उन्होंने प्रवासियों से उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं व्यवसायिक योजनाओं और अनुदान का लाभ उठाकर प्रदेश में रोजगार एवं व्यवसाय शुरू करने की भी अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभा के महासचिव दलबीर सिंह नेगी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का कार्यक्रम में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया।

