चिन्यालीसौड़। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर चिन्यालीसौड़ स्थित मल्टी स्पोर्ट्स क्लब में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
“Say No to Drugs” थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना था।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ओपन डबल्स श्रेणी में 22 टीमों (44 खिलाड़ी) और ओपन सिंगल्स में 12 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
ओपन डबल्स: देवेंद्र सिंह चौहान और राघव शर्मा की जोड़ी ने कड़े और रोमांचक मुकाबले में दिलबर सिंह नेगी और अभिनव की टीम को 21-14, 12-21, 22-20 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
ओपन सिंगल्स: विजय राणा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सीधे सेटों में मोहित राणा को पराजित कर विजेता की ट्रॉफी हासिल की।

पुरस्कार वितरण एवं अतिथि
समापन समारोह में यूजेवीएनएल के उप महाप्रबंधक ई. राजेश चौकसे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में इंजीनियर सुखजीत सिंह, इंजीनियर यशपाल सिंह महर, संदीप कुमार नेगी, कमला राणा, स्वामी ध्यानी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गोपाल सिंह तड़ियाल, महेंद्र सिंह नेगी, लक्की, जगदीश नौटियाल, किशोर सिंह मेहरा, जसवीर चौधरी, हेमंत गैरोला और विभोर सेमवाल शामिल रहे। अतिथियों ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ई. राजेश चौकसे ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देने और खेलों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होने चाहिए।
साइबर अपराध और नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान छाम थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी की पुलिस प्रशासन की ओर से चलाई जा रही सामाजिक मुहिमों की भी सराहना की गई। थानाध्यक्ष नेगी क्षेत्र में लगातार नशा मुक्ति अभियान चलाने के साथ-साथ लोगों को साइबर अपराधों (Cyber Crime) के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। वे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता और युवाओं को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक बना रहे हैं।
प्रतियोगिता के समापन पर सभी ने “खेल अपनाएं, नशे को दूर भगाएं” के संकल्प के साथ युवाओं को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
रिपोर्ट- भरत बिष्ट

