श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, मोथरोवाला में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम


उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला महोत्सव के अवसर पर देवभूमि युवा संगठन, देहरादून द्वारा श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, मोथरोवाला में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) श्री नीरज शर्मा ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण को एक सामाजिक दायित्व मानते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

विशिष्ट अतिथि यूकॉस्ट के वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में वृक्षारोपण और जैव विविधता का संरक्षण वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति वैज्ञानिक सोच विकसित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि कृषि विभाग की उप निदेशक श्रीमती प्रियंका सिंह ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।

देवभूमि युवा संगठन के संरक्षक वीर सिंह पंवार ने कहा कि समाज में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी से ही हरित उत्तराखंड का सपना साकार हो सकता है।

संगठन के मार्गदर्शक मोहित डिमरी ने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पेड़ हमें शुद्ध वायु, जल, छाया, भोजन और जीवन प्रदान करते हैं। इसलिए केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को लगाए गए पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश डोबरियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं।

क्षेत्रीय पार्षद सोबत रमोला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने देवभूमि युवा संगठन द्वारा किए जा रहे जनजागरूकता कार्यों की सराहना की!

कार्यक्रम के समापन अवसर पर देवभूमि युवा संगठन के अध्यक्ष आशीष नौटियाल ने सभी अतिथियों, विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, संगठन के सदस्यों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।

इस अवसर पर संगठन के महासचिव दीपक नौटियाल, कार्यक्रम संचालक अनूप गोदियाल, उपाध्यक्ष सौरव सेमवाल, कोषाध्यक्ष विजय कैंतुरा, सह-सचिव दीपांजलि कोठारी, रोहित राणा, विमल नौटियाल, पुरुषोत्तम उनियाल, पंकज उनियाल, एडवोकेट विवेक, आर्यन डोभाल, राकेश नेगी, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं संगठन के सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -9649695084
error: Content is protected !!